पशुओं को पानी पिलाने के लिए कच्चे कुएं से निकाल रहे थे पानी, रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया शव

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनडीहा ग्राम पंचायत के भलूही टोला में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बने कच्चे कुएं से पानी निकालते समय पैर फिसलने से एक वृद्ध गहरे कुएं में जा गिरे। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे उन्हें कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
भलूही टोला निवासी 70 वर्षीय होलसाह पुत्र स्व. रामरूप शुक्रवार दोपहर अपने घर से करीब सौ मीटर दूर खेत की ओर गए थे। बताया गया कि वह पशुओं को पानी पिलाने के लिए खेत में बने कच्चे कुएं से बाल्टी के जरिए पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे कुएं में जा गिरे। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े।
परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद रस्सी के सहारे होलसाह को कुएं से बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद उनकी हालत देख परिजन उन्हें बचाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्राम प्रधान संत कुमार गुप्ता की सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसआई बलजीत भारद्वाज ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
