म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के सामाजिक संस्थान बनवासी सेवा आश्रम के विचित्र महाकक्ष में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद गोष्ठी आयोजित कर दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों, आदर्शों और देश के प्रति योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से स्वदेशी और खादी को बढ़ावा देने तथा खादी वस्त्र अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का प्रतीक है। लोगों को स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।
गोष्ठी में इंदुबाला, सर्वजीत सिंह, डॉ. दीनबंधु, विशाल सहित अन्य वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा को स्वतंत्रता आंदोलन का प्रभावी हथियार बनाया। बिना हिंसा का सहारा लिए उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजागरण खड़ा किया और सत्याग्रह के माध्यम से पूरे विश्व को अहिंसा की शक्ति का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।
इससे पूर्व आश्रम विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भावना का संदेश दिया। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने लघु नाटक भी प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड एवं रेंजर जबर सिंह सहित अन्य लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने गांधी और शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. विभा, विमल सिंह, देवनाथ सिंह, मोतीलाल, गिरधारी, सुरेश, नीता, विजय कन्नौजिया सहित बनवासी सेवा आश्रम के कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
