सोनभद्र

Sonbhadra News: डीएम अंकल मोबाइल नेटवर्क लगवा दीजिये पापा से बात नही हो पाती

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) एक ओर देश 5जी तकनीक और डिजिटल क्रांति के दौर में तेजी से आगे बढ़ रहा है वही सोनभद्र के नगवा ब्लाक का सरईगढ़ गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए जूझ रहा है। गांव की एक नन्हीं बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से गांव मे मोबाइल नेटवर्क लगवाने की गुहार लगाती नजर आ रही है।

वीडियो मे मासूम बच्ची कहती है डीएम अंकल मोबाइल नेटवर्क लगवा दीजिये पापा बाहर रहते हैं नेटवर्क नही होने के कारण उनसे बात नही हो पाती। बच्ची की मासूम अपील ने गांव की नेटवर्क समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है।

ग्रामीणो के मुताबिक सरईगढ़ और नगवां क्षेत्र के कई अंदरूनी इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। सामान्य कालिंग के लिये भी लोगो को परेशानी उठानी पड़ती है। इंटरनेट की सुविधा तो दूर कई स्थानों पर मोबाइल से बात करने के लिए भी ग्रामीणो को ऊंचे स्थानों या नेटवर्क मिलने वाले क्षेत्रो का सहारा लेना पड़ता है। मोबाइल नेटवर्क की कमी का असर केवल आपसी बातचीत तक सीमित नहीं है। आपातकालीन स्थिति में पुलिस और चिकित्सा सेवाओं से संपर्क, बच्चों की आनलाइन पढ़ाई, डिजिटल सेवाओं और जरूरी सरकारी कार्यों में भी ग्रामीणों को दिक्कतो का सामना करना पड़ता है। ऐसे मे बच्ची का वीडियो गांव की लंबे समय से चली आ रही समस्या को उजागर कर रहा है।

कुछ महीनो मे क्षमता बढ़ाकर दूर होगी समस्या

वायरल वीडियो के संबंध में दूरसंचार विभाग सोनभद्र के एसडीओ धर्मेंद्र सिंह से बात की गई। उन्होने बताया कि नगवां ब्लाक के सरईगढ़ गांव और अन्य अंदरूनी क्षेत्रो मे नेटवर्क की समस्या है। इसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले कुछ महीनों मे क्षमता वृद्धि कर नेटवर्क व्यवस्था को बेहतर किया जायेगा और समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live