बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर किरबिल गांव में हुआ हादसा, बहन के घर से लौट रहा था मृतक
म्योरपुर/सोनभद्र ( विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शुक्रवार देर शाम सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर में पीछे से बाइक टकराने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर किरबिल गांव में प्रधान के घर के सामने हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पीआरवी पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
काचन गांव निवासी राम सिंह (35) शुक्रवार को खजूरी गांव स्थित अपनी बहन के घर गए थे। देर शाम वह बाइक से अपने घर काचन लौट रहे थे। बताया गया कि किरबिल गांव में प्रधान के घर के सामने बीजपुर-मुर्धवा मार्ग के किनारे एक ट्रेलर खराब होने के कारण खड़ा था। सड़क पर अंधेरा होने और ट्रेलर के पीछे पर्याप्त संकेतक या प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण राम सिंह को खड़ा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राम सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को तत्काल सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सक पल्लवी सिन्हा ने जांच के बाद राम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही राम सिंह के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज ने शव को मोर्चरी में रखवाते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
