सोनभद्र

जंगल में अवैध कटान पर वन विभाग की कार्रवाई, कत्था के सात बोटा लदा टेंपो पकड़ा

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

वन रेंज क्षेत्र के मनबसा-बगैया नार जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटान कर लकड़ी ले जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने शुक्रवार की देर रात छापेमारी कर कत्था के सात बोटा लदा टेंपो पकड़ लिया। वन विभाग की कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया। हालांकि टीम को देखते ही टेंपो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रेंजर जबर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने रात करीब 11 बजे जंगल क्षेत्र में निगरानी के दौरान संदिग्ध टेंपो को रोककर जांच की। वाहन में कत्था के सात बोटा लदे मिले। पूछताछ और जांच के दौरान लकड़ी के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने टेंपो को कब्जे में ले लिया।
रेंजर जबर सिंह ने बताया कि मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि मनबसा और बगैया नार के जंगल में रात के अंधेरे में कत्था के पेड़ों की अवैध कटान कर लकड़ी को ठेकेदारों तक पहुंचाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वनकर्मियों की टीम को निगरानी के लिए लगाया गया था। इसी दौरान लकड़ी लदा टेंपो पकड़ा गया।
वन विभाग ने टेंपो को सीज कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जंगल में अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम की लगातार निगरानी से जंगल में सक्रिय लकड़ी तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live