राखड़ की धूल से धुंधला हुआ मुर्धवा-बीजपुर मार्ग, सांस लेना भी मुश्किल
सड़क पर गिर रही राखड़, उड़ते गुबार से हादसे का खतरा; ग्रामीणों ने तत्काल सफाई की मांग की
म्योरपुर/सोनभद्र। (विकास अग्रहरि)
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर इन दिनों राखड़ की धूल लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह राखड़ जमा होने के कारण वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठ रहा है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। वहीं, धूल के कारण कुछ क्षण के लिए सड़क पर सामने का दृश्य तक साफ दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के कार्यकर्ताओं के अनुसार बीजपुर एनटीपीसी से राखड़ लदे भारी वाहन लगातार मुर्धवा-बीजपुर मार्ग से होकर गुजरते हैं। इस दौरान वाहनों से राखड़ सड़क पर गिरती रहती है। कई स्थानों पर वाहनों के डाले से गिरी राखड़ को समय से हटाया नहीं जाता, जो सूखने के बाद वाहनों के आवागमन से उड़कर वातावरण में फैल जाती है। गीली राखड़ भी कुछ समय बाद सूखकर महीन धूल का रूप ले लेती है।

सांस के साथ शरीर में पहुंच सकती है महीन धूल
पर्यावरण कार्यकर्ताओं के अनुसार राखड़ की महीन धूल हवा में मिलकर सांस के साथ शरीर में पहुंच सकती है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के साथ पहले से सांस संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह अधिक परेशानी का कारण बन सकती है। सड़क पर धूल का गुबार उठने से दृश्यता अचानक कम हो जाती है, जिससे वाहनों के आपस में टकराने और गंभीर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
पर्यावरण कार्यकर्ता अशोक सिंह ने बताया कि सड़क पर राखड़ जमा होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वाहन गुजरने पर अचानक राखड़ का गुबार उठने से सामने चल रहा या विपरीत दिशा से आ रहा वाहन दिखाई नहीं देता। ऐसे में किसी भी समय गंभीर सड़क हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि राखड़ के कारण केवल यातायात प्रभावित नहीं हो रहा, बल्कि आसपास का वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है।

जमतीहवा नाला के पास टला हादसा
शनिवार को रेणुकूट की ओर से म्योरपुर आ रहे एक बाइक सवार को रनटोला के जमतीहवा नाला के पास राखड़ के उड़ते गुबार के कारण सामने से आ रहा ट्रक दिखाई नहीं दिया। अचानक सामने ट्रक आने से बाइक सवार घबरा गया। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि कोई दुर्घटना नहीं हुई। इस घटना ने मार्ग पर राखड़ से पैदा हो रहे खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया।
आश्रम मोड़ से लेकर रनटोला तक मार्ग के कई हिस्सों में इन दिनों राखड़ फैली हुई है। वाहनों के गुजरते ही सड़क पर धूल का गुबार उठने से आसपास का वातावरण भी धुंधला हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर गिरी राखड़ को नियमित रूप से हटाया जाए और राखड़ लदे वाहनों से सड़क पर गिरने वाली राखड़ को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर जमा राखड़ को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही राखड़ का परिवहन करने वाले वाहनों की निगरानी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि रास्ते में राखड़ न गिरे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रदूषण के साथ-साथ सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ सकता है।
पर्यावरण कार्यकर्ता बेचन, प्रशांत दुबे, पीके शर्मा, अमन विश्वकर्मा, दीपक, राजबली और अरविंद आदि ने मार्ग की तत्काल सफाई और राखड़ के बिखराव पर रोक लगाने की मांग की है।
