सोनभद्र

दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर पुलिस ने किया बैठक

कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला मंचन एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर रविवार को कोन थाना परिसर में बैठक हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधान, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बैठक में पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने आयोजकों एवं ग्राम प्रधानों से क्षेत्र में होने वाले दुर्गा पूजा, रामलीला और प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सभी से परंपरागत तरीके से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का नया कार्यक्रम शुरू नहीं किया जाएगा।
उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली की सुरक्षित व्यवस्था करने, विद्युत तारों को व्यवस्थित रखने तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रामलीला का आयोजन भी शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से कराने की अपील की।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे को वाहन की बॉडी से ऊपर नहीं बांधने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विसर्जन के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही नवरात्र की धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए लोगों से मांस-मदिरा के सेवन से बचने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ पर्व मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, ग्राम प्रधान कोन संतोष पासवान, चेरवाडीह प्रधान शारदा पासवान, सोमरू पटेल, विखलेश भारती, विमलेश यादव, वीरेंद्र गुप्ता सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live