सोनभद्र

आरसीसी सड़क बनने से नीचे आए बिजली के तार कचनरवा बाजार में बना खतरा

कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) कोन विंडमगंज मार्ग पर कचनरवा बाजार में आरसीसी सड़क निर्माण के बाद विद्युत तारों की ऊंचाई कम हो जाने से कुछ समय के लिए राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क का स्तर पूर्व की अपेक्षा करीब डेढ़ से दो फीट ऊंचा होने के कारण सड़क के किनारे लगे विद्युत पोलों से गुजर रहे तार नीचे आ गए थे।
इससे ऊंचे वाहनों के विद्युत तारों के संपर्क में आने की आशंका बनी हुई थी। मामले की जानकारी मिलते ही कचनरवा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अरविंद कुशवाहा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीपी पोल लगवाकर विद्युत लाइन की ऊंचाई बढ़वाई। विभाग की तत्परता से बाजार क्षेत्र में उत्पन्न संभावित खतरा दूर हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण से पहले सड़क की बढ़ने वाली ऊंचाई और विद्युत लाइन की स्थिति को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जाता तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने भविष्य में सड़क निर्माण जैसे कार्यों से पहले विद्युत पोल, तार, पाइपलाइन सहित अन्य सार्वजनिक उपयोगिताओं की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, सड़क निर्माण से पहले विद्युत विभाग को सूचना देने की जिम्मेदारी को लेकर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल विद्युत लाइन की ऊंचाई बढ़ाए जाने के बाद कचनरवा बाजार में स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live