सिंगरौली अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ, नागपुर के महामंत्री सुजीत सिंह ने 3 अक्टूबर को अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को पत्र प्रेषित कर भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ एवं भारतीय कोयला खदान श्रमिक संघ की ओर से विभिन्न कंपनी स्तरीय बोर्डों एवं समितियों के लिए पदाधिकारियों की सूची जारी की है।
जारी सूची के अनुसार संगठन ने श्री नीतीश कुमार और श्री पवन कुमार शर्मा को कंपनी स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का सदस्य मनोनीत किया है। जेसीसी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच समन्वय का सबसे महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां उत्पादन, उत्पादकता, श्रमिक हितों और नीतिगत विषयों पर विचार-विमर्श होता है। ऐसे में दोनों नवनियुक्त सदस्यों से श्रमिकों की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रबंधन के समक्ष रखने की अपेक्षा की जा रही है।
इसके अतिरिक्त संगठन ने श्री अरुण कुमार दुबे को कंपनी कल्याण समिति में प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही उन्हें कंपनी समन्वयक का भी दायित्व प्रदान किया गया है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर तालमेल सुनिश्चित हो सकेगा। कल्याण समिति श्रमिकों के आवास, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर कार्य करती है।
वहीं कंपनी सुरक्षा समिति में श्री मनोज कुमार सिंह और श्री राजेश पटेल को मनोनीत किया गया है। खदानों में सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में सुरक्षा समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
इसके साथ ही खेल-कूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गठित स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड में श्री राम प्रकाश मौर्य और श्री अनुराग मिश्रा को दायित्व सौंपा गया है।
संगठन का मानना है कि अनुभवी और सक्रिय पदाधिकारियों के मनोनयन से कंपनी स्तर पर श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों का प्रभावी निराकरण हो सकेगा और प्रबंधन के साथ सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।
