सोनभद्र

सात हजार की आबादी वाले कुलडूमरी के लोझरा में मोबाइल नेटवर्क का संकट

टावर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बोले- आपात स्थिति में भी नहीं हो पाता संपर्क
म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत कुलडूमरी के लोझरा गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी बनी हुई है। करीब सात हजार की आबादी वाले गांव में अधिकांश लोगों के पास मोबाइल फोन होने के बावजूद नेटवर्क की सुविधा नहीं है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को गांव में मोबाइल टावर स्थापित कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और मोबाइल कंपनियों से जल्द टावर लगाकर नेटवर्क की समस्या दूर कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अधिकांश हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क बेहद कमजोर है। सामान्य फोन कॉल करने के लिए भी लोगों को घर से बाहर निकलकर ऊंचे स्थानों, पहाड़ी या अन्य जगहों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार नेटवर्क पकड़ने के लिए लोग पेड़ों के आसपास खड़े होने अथवा ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने को मजबूर होते हैं। कुछ ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ी पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल में सिग्नल मिल पाता है।

आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी

मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी बीमारियों और आपात स्थिति के दौरान होती है। किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने, दुर्घटना होने या अन्य आकस्मिक स्थिति में परिजनों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस अथवा संबंधित लोगों से तत्काल संपर्क करना मुश्किल हो जाता है। नेटवर्क की तलाश में लोगों को गांव से दूर ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरत के समय तत्काल फोन करने वाले लोगों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने कहा कि आज मोबाइल संचार लोगों की बुनियादी जरूरत बन चुका है। इसके बावजूद इतनी बड़ी आबादी वाले गांव में बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ ही संबंधित मोबाइल कंपनियों से लोझरा गांव में जल्द से जल्द मोबाइल टावर स्थापित कराने और सुचारु नेटवर्क उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रदर्शन में त्रिवेणी प्रसाद खरवार, रेखा चंद्र वर्मा, जय कुमार, प्रेमचंद्र भारती, रामलखन सिंह खरवार, शीतल प्रसाद खरवार, सविता देवी केवटरी, राजकुमारी देवी खरवार, फूलमती देवी खरवार और पानमती देवी खरवार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live