
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
लाइट हाउस इनिशिएटिव पहल परियोजना-2 के तहत हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीएसआर वित्तीय सहयोग से म्योरपुर ग्राम पंचायत के पतेरी टोला प्राथमिक पाठशाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक पाठशाला म्योरपुर प्रथम और आंगनबाड़ी केंद्र म्योरपुर सेकेंड में शौचालयों की क्रियान्वयन संस्था नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वीमेन चाइल्ड एंड युथ डेवलपमेंट संस्था (निवसीड)ने रेट्रोफिटिंग कार्य कराया गया। कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख (प्रशासक) मानसिंह गोंड ने फीता काटकर रेट्रोफिटिंग कराए गए शौचालयों का उद्घाटन किया।
बताया गया कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्व से बने शौचालय खराब होने के कारण उनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा था। रेट्रोफिटिंग कार्य के तहत शौचालयों को आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कर उपयोग के योग्य बनाया गया। इससे विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को स्वच्छ एवं बेहतर शौचालय की सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कहा कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा के साथ मूलभूत सुविधाओं का होना भी बेहद जरूरी है। स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता से सीधे जुड़े हैं। ऐसी सुविधाओं के बेहतर होने से बच्चों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें स्वस्थ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश जायसवाल, आशु अंसारी, सुधीर, प्राथमिक पाठशाला एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे। निवसीड संस्था के प्रोजेक्ट डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर नितिन मालवीय ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। शौचालयों के उद्घाटन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
लाइट हाउस इनिशिएटिव पहल परियोजना के माध्यम से विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं वॉश (WASH) सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताया गया। रेट्रोफिटिंग के बाद अब दोनों विद्यालयों और संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों का नियमित उपयोग किया जा सकेगा, जिससे बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
