सोनभद्र

डीएम से वार्ता और निर्देश के बाद रामचंद्र पर हुई कार्रवाई समाप्त लेकिन एसडीएम सदर के तबादले की मांग नहीं हुई पूरी

सोनभद्र विकास द्विवेदी

सोनभद्र तहसील सदर में लेखपाल संघ और एसडीएम सदर के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद बुधवार को जिलाधिकारी की पहल के बाद समाप्त हो गया। जिलाधिकारी से लेखपाल संघ के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता और मिले निर्देश के बाद बुधवार को एसडीएम सदर व तहसीलदार सदर आंदोलनरत लेखपालों के बीच पहुंचे। करीब 11 बजे हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद लेखपाल संघ ने अपना सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया।
वार्ता के दौरान लेखपाल रामचंद्र के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई को समाप्त करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही एसडीएम सदर की कार्यशैली में सुधार लाने को लेकर भी लिखित समझौता हुआ। इसके बाद लेखपाल संघ ने कई दिनों से चल रहे कार्य बहिष्कार और आंदोलन को फिलहाल समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि, लेखपालों की प्रमुख मांगों में शामिल एसडीएम सदर के तबादले की मांग पूरी नहीं हो सकी। तहसील अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी की पहल और वार्ता के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि एसडीएम सदर द्वारा अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाया गया तो लेखपाल संघ दोबारा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी। गौरतलब है कि लेखपाल संघ पिछले कई दिनों से एसडीएम हटाओ, तहसील बचाओ के नारे के साथ सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रहा था। कई दौर की वार्ता के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो पा रहा था। बुधवार को जिलाधिकारी की पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से गतिरोध समाप्त हो गया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष संजय सिंह के अलावा साजिद खान वारसी, पंकज, मनीष, अंजय, रेशमा, वंदना, कंचन, निशा, श्वेता, अभिषेक, रत्नेश, हृदेश, अरविंद समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live