सोनभद्र (विकास द्विवेदी) राजकीय मेडिकल कालेज की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मरीजों और तीमारदारों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। मीडिया प्रतिनिधियों ने अस्पताल में पर्याप्त स्ट्रेचर की उपलब्धता न होने और सुरक्षा गार्डों के कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा प्राचार्य डा आई. जेन भट्टाचार्य के समक्ष रखा। प्राचार्य ने व्यवस्थाओं में कमियां होने की बात स्वीकार करते हुए इन्हें जल्द दूर करने का भरोसा दिलाया।
नवनियुक्त प्राचार्य डा भट्टाचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा कर चरणबद्ध तरीके से कमियों को दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में पत्रकारों ने सवाल उठाया कि अस्पताल में कई बार मरीजों और तीमारदारों को स्ट्रेचर के लिए परेशान होना पड़ता है। इस पर प्राचार्य ने माना कि कुछ संसाधनों की कमी है और इसे जल्द पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा से किसी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, मेडिकल कालेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे। पत्रकारों ने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ सुरक्षा कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस पर प्राचार्य ने कहा कि यदि इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी और दोष मिलने पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों और तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को आधुनिक संसाधनों, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यवस्थाओं में जो भी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान सीएमएस डीके सिंह, डा अमृत राय आदि मौजूद रहे।
मेडिकल कालेज की व्यवस्थाओं में सुधार प्राथमिकता कमियां जल्द होंगी दूर – प्राचार्य
