सोनभद्र (विकास द्विवेदी) जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सोनभद्र मे कला, संस्कृति, रचनात्मकता और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिला। डायट परिसर में जनपद स्तरीय कला महोत्सव एवं संस्कृति प्रदर्शनी तथा टीएलएम एवं नवाचार महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और डीएलएड प्रशिक्षुओं ने विभिन्न कला विधाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शिक्षण सामग्री और नवाचारों का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। आयोजन डायट प्राचार्य रिद्धि पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में हुआ। महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में कला, संस्कृति, सृजनात्मकता तथा शिक्षण-अधिगम की नवीन तकनीकों को बढ़ावा देना रहा। महोत्सव में जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ डीएलएड 2024 एवं 2025 बैच के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न कला विधाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) तथा शिक्षण क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनों के माध्यम से शिक्षण को सरल, रुचिकर और प्रभावी बनाने के प्रयास भी सामने आए। निर्धारित श्रेणियों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों और विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और नवाचारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसी क्रम में डायट परिसर में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए समर्थ प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रधानाध्यापकों की शैक्षिक एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना तथा विद्यालयों में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण विकसित करना है। कार्यक्रम में डायट के समस्त संकाय सदस्य, बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाएं, डीएलएड प्रशिक्षु तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से जिले में कला, संस्कृति, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर सकारात्मक एवं सृजनात्मक वातावरण को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कला संस्कृति और नवाचार के रंग मे रंगा डायट प्रतिभाओं को मिला मंच
