सोनभद्र

सहजन से लेकर मोटे अनाज तक, किसानों को दी गई खेती की उपयोगी जानकारी

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय ब्लॉक सभागार में गुरुवार को दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रशासक मानसिंह गोंड ने किया। कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह कृषि विज्ञान केंद्र, सोनभद्र की ओर से तथा उप कृषि निदेशक, सोनभद्र के सहयोग से किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे किसानों को कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. रश्मि सिंह ने किसानों को प्रत्येक घर में कम से कम एक सहजन का पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महुआ की रोटी के पोषण संबंधी लाभ बताते हुए पारंपरिक मोटे अनाजों की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले सांवा, कोदो, मेझरी और मेड़ो जैसे पारंपरिक अनाजों की बड़े पैमाने पर खेती होती थी, लेकिन समय के साथ इनकी खेती कम हुई है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक फसलों के संरक्षण और उत्पादन के लिए आगे आने की अपील की।

डॉ. ऋषि भास्कर ने नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत डेयरी स्थापना पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 लाख रुपये की लागत वाली योजना में 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। म्योरपुर ब्लॉक में अब तक दो लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने सुअर पालन की संभावनाओं के साथ पशुओं में लंपी वायरस के लक्षण और बचाव के उपाय भी बताए। पशुपालकों को पशुओं के कान में ईयर टैग लगवाने की सलाह दी गई, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें पशुपालक के आधार से जोड़ा जा सके।

इस दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि पात्र भूमि धारक किसान परिवारों को योजना के तहत प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक अभिलेखों, आधार सत्यापन और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया गया।
किसानों को ऑनलाइन फार्म भरने एवं पंजीकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि किसान पीएम-किसान पोर्टल के माध्यम से नया पंजीकरण, अपने आवेदन की स्थिति, लाभार्थी की स्थिति, मोबाइल नंबर अपडेट तथा अन्य जरूरी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। नए किसान पंजीकरण के लिए आधार नंबर और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
कार्यक्रम का संचालन रमेश कुमार ने किया। इस मौके पर बीडीओ राम विशाल चौरसिया, सहायक विकास अधिकारी कृषि दीपक पटेल, राहुल समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live