सोनभद्र

मां शैलपुत्री के जयकारों से गूंजे मंदिर भोर से उमड़े श्रद्धालु

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को जनपद में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर में स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद भक्त पूजा की थाली लेकर मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजन अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में गूंजते माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
राबर्ट्सगंज नगर के शीतला माता मंदिर, सातों शीतला मंदिर, कड़े शीतला माता मंदिर और हाइडिल स्थित मां काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।नवरात्र के पहले दिन पूजा-पाठ को लेकर महिलाओं सहित अन्य श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिरों के आसपास फूल-माला, प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानें भी सजी रहीं, जहां भक्तों ने खरीदारी कर माता को भोग अर्पित किया। नवरात्र के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।मंदिरों के आसपास महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस की सक्रियता के बीच भक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में मां के दर्शन-पूजन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live