सोनभद्र

रासपहरी में पेड़ से टकराकर पलटा डीसीएम, चार घंटे बाद चालक को निकाला गया

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास शनिवार की देर रात करीब 12:30 बजे मक्के का बीज लदा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में चालक का पैर स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जिससे वह केबिन में ही फंसकर रह गया। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चालक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी 48 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र राघव सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि डीसीएम ट्रक छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लादकर दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान रासपहरी गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही म्योरपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। पहले जेसीबी की मदद से चालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गैस कटर की मदद से ट्रक का केबिन काटने की कोशिश की गई। इसी दौरान ट्रक में आग लगने लगी, जिसे तत्काल पानी डालकर बुझाया गया।
पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद स्टेयरिंग खोलकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live