—- परियोजना प्रमुख संजय असाटी एवं महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने किया कलश स्थापना
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ घटस्थापना का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने संयुक्त रूप से कलश स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे के मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कलश स्थापना एवं धार्मिक अनुष्ठान के दौरान महाप्रबंधक (प्रचालन) पीके नायक, पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एनएस कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, मानव संसाधन विभाग प्रमुख राजेश बोईपाई, अपर महाप्रबंधक पी. लक्ष्मी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जीसी साहु एवं आरएन वर्मा, महासचिव प्रमोद द्विवेदी सहित संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, विजय गुप्ता, एसकेबी पाठक, भीष्म सिंह, सूरज प्रजापति समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठान एवं आरती में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी ने बताया कि 20 अक्टूबर तक मंदिर एवं पूजा पंडाल में नियमित रूप से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने कहा कि मां जगदम्बा की उपासना से भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से शक्ति साधना के इस महापर्व में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में परियोजना के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूजा समिति एवं मंदिर समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। सभी की उपस्थिति ने धार्मिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
