गुरमा/सोनभद्र (ओम प्रकाश गुप्ता) चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित चुड़िहर मंदिर के समीप देर रात ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव की शिनाख्त कर आवश्यक कारवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश पुत्र रामजीवन के रूप में हुई है। अगोरी रेलवे स्टेशन के बड़े बाबू रामानंद ने बताया कि रविवार देर रात करीब 1:40 बजे मुरी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।
बताया जाता है कि कमलेश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटियां और दिव्यांग मां हैं। परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी। ऐसे में उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
देर रात युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालाकि हादसे के कारणो की पुष्टि संबंधित जाच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
कमलेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो बेटियों और दिव्यांग मां के लिए वह आजीविका का प्रमुख सहारा था। उसकी मौत के बाद परिवार के भविष्य और भरण-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है। रेलवे पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
