
म्योरपुर/सोनभद्र ( विकास अग्रहरि)
म्योरपुर में चल रही रामलीला के तीसरे दिन श्रीराम की शिक्षा-दीक्षा, ताड़का वध तथा सुबाहु और मारीच वध का भव्य मंचन किया गया। रामलीला के दौरान कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।लीला का शुभारंभ श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की शिक्षा-दीक्षा के प्रसंग से हुआ। गुरु वशिष्ठ के आश्रम में शिक्षा प्राप्त करने के बाद चारों राजकुमार अयोध्या लौटते हैं। इसी बीच महर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ के दरबार में पहुंचकर यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ वन में ले जाने का आग्रह करते हैं।
वन में पहुंचने पर श्रीराम को पता चलता है कि ताड़का, सुबाहु और मारीच के आतंक से ऋषि-मुनियों का यज्ञ करना मुश्किल हो गया है। महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ताड़का का सामना करते हैं और अपने बाण से उसका वध कर देते हैं। ताड़का के अंत से वन में शांति स्थापित होती है और ऋषि-मुनियों को राहत मिलती है।
इसके बाद ताड़का के वध की खबर सुनकर सुबाहु और मारीच क्रोधित हो जाते हैं। दोनों श्रीराम से युद्ध करने पहुंचते हैं और यज्ञ में विघ्न डालने का प्रयास करते हैं। श्रीराम अपने पराक्रम से सुबाहु का वध कर देते हैं, जबकि मारीच को बाण मारकर दूर समुद्र की ओर भेज देते हैं। इस प्रकार श्रीराम ऋषि-मुनियों के यज्ञ की रक्षा करते हैं। रामलीला मंचन के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
