सोनभद्र

रिहंदेश्वर धाम में भव्य भगवती जागरण का आयोजन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

परियोजना प्रमुख संजय असाटी एवं महिला मंडल अध्यक्ष नीलू असाटी ने की माता रानी की आरती, देर रात तक भक्ति गीतों से गूंजता रहा मंदिर परिसर

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। एनटीपीसी परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन भगवती जागरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां भगवती की आराधना की। भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर देर रात तक गुंजायमान रहा। जागरण में प्रस्तुत भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने संयुक्त रूप से मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन) पी.के. नायक, पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जी.सी. साहु तथा आर.एन. वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना के बाद परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने दिव्यांग गायक मिथिलेश शर्मा, उपमहाप्रबंधक प्रदीप सिंह, पंकज कश्यप, अज्ञात मिश्रा एवं सुभाष गुप्ता को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही 13 वर्षीय तबला वादक सुशांत सिंह, ढोलक वादक रणवीर बहादुर सिंह तथा ऑर्गन वादक राहुल को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलाकारों के सम्मान से उनका उत्साहवर्धन हुआ।

भगवती जागरण में गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘भक्तों से सज रहा है मां का दरबार’ जैसे भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। गायकों की सुमधुर प्रस्तुतियों और वाद्ययंत्रों की संगत से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी बनी रही।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी ने कहा कि मां भगवती के दरबार में श्रद्धा और विश्वास के साथ आने वाले भक्तों पर माता रानी की कृपा बनी रहती है। उन्होंने नवरात्रि के पावन पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

मंदिर समिति के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, संजय कुमार, विजय गुप्ता, सोनी पांडेय, अवनीश पांडेय एवं भीष्म सिंह सहित अन्य सदस्यों की देखरेख में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। अंत में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। माता रानी के जयकारों के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live