सोनभद्र (विकास द्विवेदी) जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सोनभद्र में जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधानाध्यापकों और प्रधानाचार्यों के लिए दक्ष, समर्थ एवं सक्षम माड्यूल पर आधारित प्रशिक्षण शुरू हो गया है। डायट प्राचार्य रिद्धि पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यालय संचालन, प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन, शैक्षिक नेतृत्व के साथ मानसिक स्वास्थ्य और वेलबीइंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
डायट प्राचार्य रिद्धि पांडेय ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। सफल विद्यालय संचालन के लिए नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, प्रबंधन कौशल और वित्तीय व्यवस्था की समझ आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालयों में कार्यों एवं दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए प्रतिभागियों को तैयार किया जा रहा है। आईआईएम अहमदाबाद से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर राजेश मौर्य ने बताया कि प्रशिक्षण को पांच आयामों में विभाजित किया गया है। इसमें प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन, अंतरविभागीय समन्वय और शैक्षिक प्रबंधन सहित विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग, माइंडफुलनेस, तनाव प्रबंधन और जीवन कौशल के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कक्षा एक से पांच तक निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रधानाध्यापकों को प्रभावी रणनीतियों से अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही जनपद में शैक्षिक नवाचारों, कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आयोजित जनपद स्तरीय कला, संस्कृति एवं नवाचार महोत्सव जैसी गतिविधियों के महत्व पर भी चर्चा की जा रही है। प्रशिक्षण की नोडल प्रवक्ता जिज्ञासा यादव समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम का संचालन कर रही हैं। वहीं, डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता सुभाष गुप्ता गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में सुनील कुमार मौर्य, नीरज शर्मा, सौरभ सिंह, हरिवंश सिंह, शंकर सिंह और शबनम प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। डायट का उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल का विकास कर जनपद के विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाना और निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहयोग करना है।
प्रधानाध्यापकों और प्रधानाचार्यों को दक्ष, समर्थ एवं सक्षम बनाने का प्रशिक्षण शुरू
