सततवाहीनी नदी तट स्थित शिव मंदिर से शुरू हुई यात्रा, मालिया नदी से जल भरकर दुर्गा पंडाल में हुई कलश स्थापना
विंढमगंज (सुमन गुप्ता)। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर ग्राम पंचायत मुडिसेमर में शनिवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव में दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत सततवाहीनी नदी तट स्थित शिव मंदिर से ध्वनि विस्तारक यंत्रों और मां के जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में मुख्य यजमान जय मौर्य और शंकर पाल के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मां दुर्गा के जयकारों के साथ ब्रह्मवा पीपर के पास पहुंची। वहां ग्राम देवता का विधि-विधान से आह्वान कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालु मालिया नदी के तट पर पहुंचे, जहां पंडित शेषमणि पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पवित्र जल भरवाया। इसके पश्चात कलश यात्रा वापस दुर्गा पूजा पंडाल पहुंची, जहां पवित्र जल से भरे कलश की विधिवत स्थापना की गई।
जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
कलश स्थापना के साथ ही दुर्गा पंडाल में पूजा-अर्चना शुरू हो गई। पूरे आयोजन के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर कलश यात्रा में भाग लिया। पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुई इस यात्रा से पूरे गांव में उत्सव का माहौल छा गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
कलश यात्रा में सरजू प्रसाद यादव, राम मूरत यादव, उपेंद्र पासवान, बनवारी यादव, विजय कुशवाहा, श्रवण कुमार, अमरेश कुमार, चंदन कुशवाहा, राकेश पासवान, रामकुमार यादव, प्रदीप कुमार, नीतीश मद्धेशिया, लवकुश पाल, अजय यादव, छोटू यादव, अंकित यादव, विकेश यादव, अनूप यादव, आकाश कुमार, धर्मेंद्र प्रसाद, सियाराम पासवान और अमित पासवान सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
धार्मिक उल्लास और सामूहिक सहभागिता के बीच संपन्न हुई कलश यात्रा ने ग्राम पंचायत मुडिसेमर में नवरात्र महोत्सव की भव्य शुरुआत को और भी यादगार बना दिया।
