सोनभद्र

ट्रेलर में पीछे से भिड़ी निजी बस, पांच यात्री घायल

गंभीर हालत में महिला जिला अस्पताल रेफर, रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही थी बस

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर देवरी-बभनडीहा गांव के बीच शनिवार सुबह एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रेणुकूट से यात्रियों को लेकर निजी बस छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर देवरी-बभनडीहा गांव के पास पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के कारण बस के आगे बैठे पांच यात्री घायल हो गए।

घायलों में छत्तीसगढ़ निवासी 25 वर्षीय मुसर्रत खातून, काचन निवासी 25 वर्षीय रुखसार, म्योरपुर निवासी 19 वर्षीय नेहा, रेणुकूट निवासी 24 वर्षीय तराना बानो और काचन निवासी 50 वर्षीय अशोक शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल मुसर्रत खातून को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live