सोनभद्र

रिहंदेश्वर धाम में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया शरद पूर्णिमा उत्सव

— चंद्रमा की रोशनी में रखी खीर का श्रद्धालुओं में हुआ महाप्रसाद वितरण, जिला जज सपना त्रिपाठी की पदोन्नति पर दी गई बधाई

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में शरद पूर्णिमा का उत्सव बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ, राधा-कृष्ण एवं माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद भगवान को खीर का भोग लगाया गया। चंद्रमा की रोशनी में खीर रखने के उपरांत उसे महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन) प्रणय कुमार नायक, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय कुमार तथा होम्योपैथी के प्रसिद्ध चिकित्सक शानू प्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन) प्रणय कुमार नायक ने कहा कि शरद पूर्णिमा का पर्व सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। यह सामाजिक एकता, समरसता और प्रेम का प्रतीक है। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने शरद पूर्णिमा पर खीर के सेवन की पारंपरिक मान्यताओं और आयुर्वेद में बताए गए महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस उत्सव को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

जिला जज सपना त्रिपाठी की पदोन्नति पर दी गई शुभकामनाएं

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अनंत मोहन ने बताया कि समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी की पत्नी सपना त्रिपाठी के जिला जज पद पर पदोन्नत होने से उत्सव की खुशियां और बढ़ गईं। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सपना त्रिपाठी को उपस्थित श्रद्धालुओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रिहंदेश्वर महादेव से प्रार्थना की कि वे भविष्य में उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बनकर न्यायिक सेवा में नई उपलब्धियां हासिल करें।

महाप्रसाद वितरण में आर.एन. वर्मा, संजय कुमार, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडेय, के. महेश, पंडित विजय दुबे सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विशेष योगदान दिया। अंत में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live