सोनभद्र

सरकारी अस्पताल पर भरोसे की मिसाल बनीं IAS जागृति अवस्थी, MCH विंग में दिया बेटे को जन्म

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। संसाधनों की कमी, व्यवस्थाओं की चुनौती और निजी अस्पतालों की ओर बढ़ते रुझान के बीच सोनभद्र से आई एक सुखद तस्वीर ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसे की नई चर्चा छेड़ दी है। देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक हासिल करने वालीं और वर्तमान में सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनात IAS जागृति अवस्थी ने अपने पहले बच्चे को जन्म देने के लिए किसी महंगे निजी अस्पताल के बजाय जिले के सरकारी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH विंग) को चुना। यहां उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया।
यह महज एक प्रशासनिक अधिकारी के मां बनने की सुखद खबर नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और व्यवस्था में सुधार की संभावनाओं को रेखांकित करने वाला एक महत्वपूर्ण संदेश भी है। जिस सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी प्रशासनिक तंत्र पर होती है, उसी व्यवस्था पर भरोसा जताकर जागृति अवस्थी ने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी इस पहल की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है। लोग इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसे की खूबसूरत तस्वीर के रूप में देख रहे हैं।

IPS अधिकारी हैं पति, प्रशासनिक परिवार में आई दोहरी खुशी

जागृति अवस्थी की इस खुशी को खास बनाने वाली एक और बात है। उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के वर्ष 2022 बैच के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में सतना जिले में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात हैं। वर्ष 2025 में विवाह के बंधन में बंधे इस प्रशासनिक दंपती के घर बेटे के जन्म से दोनों परिवारों में खुशियों का माहौल है। सुखद अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी IFS अधिकारी आरुषि मिश्रा भी सोनभद्र के MCH विंग पहुंचे। उन्होंने नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया और जागृति अवस्थी एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।

जब विकास की नब्ज टटोलने ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंच गईं गांव

जागृति अवस्थी का सोनभद्र से जुड़ाव केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रहा है। 14 सितंबर 2024 को जिले की मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार संभालने के बाद से ही वह अपने जमीनी कार्यशैली और अलग अंदाज के लिए चर्चा में रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति समझने और विकास योजनाओं की हकीकत जानने के लिए उन्होंने कई बार लीक से हटकर कदम उठाए। एक बार वह ट्रैक्टर पर सवार होकर जिले के दुर्गम और पिछड़े गांव तक पहुंच गई थीं। उनका यह अंदाज बताता है कि उनके लिए विकास का अर्थ केवल कार्यालयों में बैठकर योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि गांव की चौखट तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना भी है। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण के प्रति उनकी विशेष रुचि रही है। वह समाजसेवी सुधा मूर्ति और भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानती हैं।

इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ी, सात कंपनियों से मिले थे नौकरी के प्रस्ताव

भोपाल में जन्मीं जागृति अवस्थी की सफलता के पीछे संघर्ष, पारिवारिक त्याग और दृढ़ संकल्प की लंबी कहानी है। उनके पिता सुरेश चंद्र अवस्थी होम्योपैथी के प्रोफेसर हैं, जबकि मां मधुलता अवस्थी शिक्षिका रही हैं। बेटी के सपनों को उड़ान देने के लिए मां ने अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी। परिवार ने भी उनकी तैयारी में पूरा सहयोग दिया। बताया जाता है कि परीक्षा की तैयारी के दौरान परिवार ने करीब चार वर्षों तक टेलीविजन तक नहीं देखा, ताकि पढ़ाई का माहौल प्रभावित न हो। जागृति ने मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT), भोपाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद GATE परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल की। उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्हें भेल (BHEL) समेत सात बड़ी कंपनियों से अधिकारी स्तर की नौकरी के प्रस्ताव मिले। उन्होंने भेल में करीब दो साल तक नौकरी भी की, लेकिन मन में समाज के लिए कुछ अलग करने और प्रशासनिक सेवा के माध्यम से व्यापक बदलाव लाने की इच्छा ने उन्हें एक नई राह चुनने के लिए प्रेरित किया। आखिरकार उन्होंने नौकरी छोड़कर सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।

पहली असफलता से नहीं टूटा हौसला, दूसरे प्रयास में हासिल किया देश में दूसरा स्थान

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा का सफर उनके लिए आसान नहीं था। वर्ष 2019 में पहले प्रयास में उन्हें प्रारंभिक परीक्षा में सफलता नहीं मिली। लेकिन इस असफलता को उन्होंने अपनी मंजिल का अंत नहीं बनने दिया। गलतियों से सीखते हुए उन्होंने नए संकल्प के साथ दोबारा तैयारी शुरू की। वर्ष 2020 में दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय चुनकर उन्होंने ऐसी सफलता हासिल की, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा। UPSC सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक प्राप्त की और महिला अभ्यर्थियों में शीर्ष स्थान हासिल किया।

एक उपलब्धि, कई संदेश

जागृति अवस्थी की जिंदगी का यह नया अध्याय व्यक्तिगत खुशी के साथ कई सकारात्मक संदेश भी समेटे हुए है। एक ओर उनकी सफलता युवाओं को बताती है कि असफलता के बाद भी दृढ़ इच्छाशक्ति से ऊंची मंजिल हासिल की जा सकती है, तो दूसरी ओर सरकारी अस्पताल में प्रसव का उनका निर्णय सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति भरोसे की अहमियत को सामने लाता है। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच मातृत्व का यह सुखद पड़ाव उनके जीवन की एक नई शुरुआत है। सोनभद्र के लिए भी यह गौरव और खुशी का अवसर है कि जिले की विकास योजनाओं को गति देने वाली मुख्य विकास अधिकारी के घर किलकारी गूंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live