सोनभद्र

बिना पूछे बनाया जिला कार्यकारिणी सदस्य बीजेपी नेत्री ने पद से दिया इस्तीफा

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर असंतोष सामने आया है। महिला मोर्चा की चोपन मंडल की पूर्व अध्यक्ष शबनम मिश्रा ने बिना पूर्व सहमति और सूचना के जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री को पत्र भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया है।

शबनम मिश्रा ने पत्र में कहा है कि वह बीजेपी की समर्पित कार्यकर्ता हैं और पूर्व में महिला मोर्चा की चोपन मंडल अध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। इसके बावजूद उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना, चर्चा अथवा सहमति के जिला कार्यकारिणी सदस्य बना दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी कार्यकर्ता को संगठन में पद और दायित्व दिया जाता है तो उसकी सहमति लेना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियां आपसी विश्वास, सम्मान और पारदर्शिता के आधार पर तय होनी चाहिए। किसी भी कार्यकर्ता की इच्छा और सहमति जाने बिना पद सौंपना उचित नहीं है।

इसी विरोध में उन्होंने जिला कार्यकारिणी सदस्य के पद को अस्वीकार करते हुए अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री को भेज दिया है। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी में नियुक्तियों को लेकर संगठनात्मक प्रक्रिया और कार्यकर्ताओं की सहमति का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live