चोपन/सोनभद्र (गुड्डू मिश्रा)अति नक्सल क्षेत्र से पहचाने जाने वाले दुरूह क्षेत्र में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और उनके जीवन में खुशियों की रोशनी भरने की पहल के तहत चोपन विकास खंड की कनच ग्राम सभा स्थित पकरी के लीलावती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वाराणसी से पहुंचे नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दर्जनों लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए 12 लोगों का निःशुल्क ऑपरेशन कराने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा की पहल पर किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में दोबारा रोशनी लाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। आंखों की समस्या से जूझ रहे तमाम ऐसे लोग हैं, जो आर्थिक अभाव या अन्य परिस्थितियों के कारण समय पर उपचार नहीं करा पाते। धीरे-धीरे उनकी आंखों की रोशनी प्रभावित होती रहती है और वे सामान्य जीवन जीने में भी कठिनाइयों का सामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें बेहतर जीवन जीने का अवसर देना ही इस पहल का उद्देश्य है। समाज के गरीब, असहाय और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं और सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी इस तरह के जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को जारी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके।
शिविर में केवल नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण तक ही पहल सीमित नहीं रही, बल्कि मोतियाबिंद से पीड़ित 12 मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था कर उन्हें बेहतर दृष्टि देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मुख्य संयोजक के रूप में श्यामाचरण उर्फ बबलू गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुन्ना धांगर, निर्भय पाण्डेय, लल्लू धांगर, रमेश चौबे समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
निःशुल्क नेत्र शिविर में जरूरतमंदों को मिली रोशनी की सौगात,शिविर मे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की आंखों की जांच, निःशुल्क चश्मो का भी हुआ वितरण
यह भी पढ़ें:
