सोनभद्र

एफएमजीई परीक्षा पास कर प्रीति शाक्य ने बढ़ाया सोनभद्र का मान

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर विकास नगर कॉलोनी, रॉबर्ट्सगंज निवासी प्रीति शाक्य ने फारेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) पास कर चिकित्सा जगत में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित जनपद में खुशी का माहौल है।

प्रीति शाक्य राबर्ट्सगंज के वरिष्ठ अधिवक्ता विकास शाक्य की छोटी पुत्री हैं। उन्होंने रूस की कजान स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से वर्ष 2022 में छह वर्षीय एमबीबीएस पाठ्यक्रम पूरा किया था। इसके बाद वह भारत लौटीं और एफएमजीई परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। सफलता पाने के लिए उन्हें लगातार संघर्ष करना पड़ा। वह चार बार परीक्षा में शामिल हुईं, लेकिन हर बार एक-दो अंकों से सफलता उनसे दूर रह गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर मेहनत करती रहीं। आखिरकार इस बार 165 अंक हासिल कर एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। प्रीति की इस उपलब्धि से उनके परिवार में हर्ष का माहौल है। मूल रूप से विंडमगंज निवासी अधिवक्ता विकास शाक्य राबर्ट्सगंज मे वकालत करते हैं। उन्होंने अपने चारों बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया। उनकी बड़ी पुत्री आर्किटेक्ट हैं, जबकि छोटी पुत्री प्रीति ने चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। बड़ा पुत्र एग्रीकल्चर में परास्नातक की पढ़ाई कर रहा है और छोटा पुत्र देहरादून के दून लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यायिक सेवा की तैयारी में जुटा है। बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिवक्ता विकास शाक्य ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने और उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग करने की अपील की। प्रीति की सफलता ने यह साबित किया है कि निरंतर प्रयास और धैर्य से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live