सोनभद्र

ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जय सिंह और मुस्कान ने मारी बाजी, प्रतिभागी बच्चे हुए सम्मानित

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को म्योरपुर स्थित हिंडाल्को पार्क में ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय के निर्देशन तथा खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और तार्किक सोच का विकास करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की प्रेरणा से किया गया।
प्रतियोगिता में म्योरपुर ब्लॉक की सभी आठ न्याय पंचायतों के संकुलों से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के कुल 48 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने शतरंज की बिसात पर अपनी सूझबूझ, रणनीति और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कड़े मुकाबले के बाद प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय हरदिमोड़ के जय सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय गड़िया प्रथम के हिमांशु द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़िया की मुस्कान ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय डढ़ीहरा के विनोद द्वितीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म्योरपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल मौजूद रहे। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा संकुल सीमा ने तैयार की, जबकि मंच संचालन एवं संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी संकुल अजय कुमार गुप्ता ने निभाई। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में रेफरी के रूप में शशि रंजन, शरद, पवन, सौरभ, राजू, अजय यादव एवं ज्ञान प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एआरपी विवेक झा, शिव प्रिया, संकुल शारदा प्रसाद सहित शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं शिक्षकों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें तार्किक क्षमता विकसित करने के लिए शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live