सोनभद्र

सीएचसी म्योरपुर में नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप

सीएचसी म्योरपुर में नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप

जन्म के 12 घंटे बाद पिलाया गया पाउडर का दूध, श्वांस नली में दूध फंसने से मौत की आशंका; छह घंटे तक एंबुलेंस के लिए भटकते रहे परिजन

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में जन्म के महज 12 घंटे बाद एक नवजात बच्ची की मौत से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को बाहर का पाउडर वाला दूध पिलाया गया, जो उसकी श्वांस नली में फंस गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, म्योरपुर थाना क्षेत्र के बेलहत्थी गांव के निहाई पत्थर निवासी 22 वर्षीय फूलकुंवर पत्नी रामसुंदर ने मंगलवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में एक बच्ची को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि जन्म के करीब 12 घंटे बाद शाम पांच बजे नवजात को पाउडर वाला दूध पिलाया गया। इसी दौरान दूध बच्ची की श्वांस नली में फंस गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि बच्ची की मां की तबीयत अधिक खराब थी। ऐसे में नवजात की देखभाल और उसे दूध पिलाने की जिम्मेदारी अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को उठानी चाहिए थी। बच्ची की मौत के बाद परिजन प्रसूता को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग करने लगे, लेकिन आरोप है कि करीब छह घंटे तक इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। अंततः रात करीब एक बजे परिजन निजी वाहन से प्रसूता और नवजात के शव को लेकर घर रवाना हुए।
नवजात की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रसूता के जेठ कमला खरवार ने बुधवार को बताया कि वह अपनी छोटे भाई की पत्नी का इलाज कराने के लिए रानीताली गए हैं। उन्होंने कहा कि अब वे भूलकर भी म्योरपुर सीएचसी नहीं जाएंगे। अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी लापरवाह हैं और चिकित्सक भी मरीजों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाते। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में जिम्मेदारी के साथ काम नहीं किया जाता।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि नवजात की मौत श्वांस नली में दूध फंसने से हुई है। प्रसूता की हालत भी काफी खराब थी, इसलिए उसे अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live