जूनियर वर्ग के तीनों स्थानों पर जमाया कब्जा, सीनियर वर्ग में भी सोनभद्र की टीम प्रथम
डाला/सोनभद्र(जगदीश तिवारी)-नगर क्षेत्र में संचालित सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में गुरुवार को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान एवं रचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इसके पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर सिंह प्रतियोगिता के शैक्षणिक एवं समन्वयात्मक संचालन में डिस्ट्रिक्ट एकेडमिक कोऑर्डिनेटर डा. खुर्शीद अंसारी, डिस्ट्रिक्ट को ऑर्डिनेटर संजय कुमार मिश्रा, जिला नोडल अधिकारी विद्यासागर ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ किया। प्रतियोगिता में जूनियर संवर्ग 11 से 14 वर्ष एवं सीनियर संवर्ग 14 से 17 वर्ष की लगभग 100 टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा एवं शोधपरक सोच का शानदार प्रदर्शन किया।जूनियर वर्ग में कम्पोजिट विद्यालय भटौलिया का तीनों स्थानों पर कब्जा प्रतियोगिता के जूनियर संवर्ग में कम्पोजिट विद्यालय भटौलिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तीनों स्थानों पर अपना कब्जा जमाया। जिसमें रोहित प्रजापति प्रथम आर्यन की टीम द्वितीय व शिवम
तृतीय स्थान पर रहे।एक ही परिषदीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तीनों शीर्ष स्थान प्राप्त करना प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रहा।
सीनियर वर्ग में सूर्यकांत की टीम ने मारी बाजी
सीनियर संवर्ग में राजा शारदा महेश इंटर कालेज, रॉबर्ट्सगंज के सूर्यकांत की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, डाला के अयांश अग्रवाल की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कड़ी चुनौती पेश की।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिला नया मंच
इस दौरान श्री मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने परिवेश की समस्याओं को समझने, वैज्ञानिक पद्धति से उनका अध्ययन करने तथा व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती है। इस आयोजन ने जनपद के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं नवाचार प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। इस दौरान विद्यालय के चेयरमैन धर्मेंद्र कुमार समेत जनपद की एआरपी टीम के सदस्यों में अनिल कुमार प्रजापति, राजकुमार मौर्य, विजय पाल सिंह, मयंक कुमार दुबे,प्रशांत कुमार अवस्थी, कमल नारायण सिंह समेत वरिष्ठ शिक्षक रजनीश कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

