खेलते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा बालक, ग्रामीणों ने बाहर निकाला
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
स्थानीय थाना क्षेत्र के धनखोर गांव में बुधवार दोपहर तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घर के सामने तालाब के किनारे बच्चों के साथ खेलते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, धनखोर गांव निवासी अशोक कुमार का सात वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार बुधवार दोपहर घर के सामने स्थित तालाब के किनारे आसपास के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में डूब गया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने मासूम को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची म्योरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। मृतक के पिता के मुताबिक, सौरभ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मासूम की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में लीलासी चौकी प्रभारी परमानंद त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
