दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लगाए गए होर्डिंग, चालकों को दिया जा रहा धीरे और सावधानी से वाहन चलाने का संदेश
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से म्योरपुर थाना पुलिस ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। इसके तहत पुलिस ने क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों और मुख्य मार्गों के संवेदनशील मोड़ों पर जागरूकता बोर्ड एवं होर्डिंग लगवाए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को सतर्क रहने और निर्धारित गति से वाहन चलाने का संदेश दिया जा रहा है।
बुधवार को म्योरपुर थाना पुलिस की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां जागरूकता बोर्ड लगाए। इन बोर्डों पर ‘जरा धीरे चलें, दुर्घटना संभावित क्षेत्र’ जैसे संदेश लिखे गए हैं। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं, ताकि वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों का ध्यान आकर्षित हो और वे संभावित खतरे को समझते हुए अपनी रफ्तार कम कर सकें।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को पहले ही रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना है। खासकर मुख्य मार्गों के खतरनाक मोड़ों और संवेदनशील स्थानों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना हादसों का कारण बन सकता है। ऐसे में पहले से लगाए गए चेतावनी बोर्ड वाहन चालकों को सावधान करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय जल्दबाजी न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, मोड़ों पर विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। थोड़ी सी सावधानी न केवल खुद की, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।
इस दौरान म्योरपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज, कांस्टेबल रामजीत बिंद सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
