सोनभद्र

बारिश से धान की फसल बर्बाद, किसानों ने की मुआवजे की मांग

झरईल टोला में मौसमी बारिश से किसानों को भारी नुकसान, जल्द सर्वे कराकर आर्थिक सहायता देने की उठाई मांग

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय ब्लॉक के ग्राम पंचायत आरंगपानी के झरईल टोला में मौसमी बारिश के चलते धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल बारिश की मार से प्रभावित होने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फसल बर्बाद होने से किसानों में काफी नाराजगी और मायूसी है। किसानों का कहना है कि पूरे साल कड़ी मेहनत और लागत लगाकर उन्होंने धान की खेती की थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
किसानों के अनुसार बारिश के कारण खेतों में धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इससे उनकी मेहनत के साथ खेती में लगाई गई पूंजी भी डूबने की आशंका है। पहले से ही खेती की बढ़ती लागत और मौसम की अनिश्चितता से परेशान किसानों के सामने अब परिवार के भरण-पोषण और अगली फसल की तैयारी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर गांव में तत्काल फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जाए। साथ ही नुकसान का सही आकलन कराकर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को इस संकट से उबरने में मदद मिल सके।
किसान विजय गोंड, जगतनारायण गोंड, पंचम गोंड, हीरालाल, शिवशंकर गोंड, जय सिंह सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने कहा कि यदि समय रहते नुकसान का आकलन कर मुआवजा नहीं दिया गया तो उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने शासन से उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live