सोनभद्र

पत्रकारों से रूबरू हुए नवागत थाना प्रभारी रामसिंहासन शर्मा, मांगा सहयोग

म्योरपुर / सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर थाने के नवागत थाना प्रभारी रामसिंहासन शर्मा ने रविवार को थाना परिसर में क्षेत्रीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। दोनों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और आमजन की समस्याओं को सामने लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध शराब के कारोबार, चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता होगी। अपराध करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून व्यवस्था से संबंधित कोई मामला संज्ञान में आए तो तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भय और संकोच के अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचें। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
थाना प्रभारी ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उनके प्रति होने वाले अपराधों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर उन्हें न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार अशोक दुबे, राजीव अमिताभ मिश्रा, सत्यपाल सिंह, रविशंकर अग्रहरि, विकास सिंह, पंकज सिंह, शारदा प्रसाद, अजीत कुमार, संदीप अग्रहरि, मुकेश सोनी, बाबूलाल शर्मा एवं प्रशांत दुबे सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live