डराने-धमकाने वालों के झांसे में न आएं, पहले विभागीय अधिकारी से करें पुष्टि
कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
विद्युत उपकेंद्र कचनरवा की ओर से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को फर्जी विद्युतकर्मियों और अवैध वसूली करने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से कहा है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताकर अथवा अवर अभियंता के नाम का हवाला देकर जांच, कनेक्शन, मीटर या विद्युत कार्रवाई का भय दिखाकर पैसे की मांग करता है तो बिना पुष्टि किए किसी भी प्रकार की धनराशि न दें।
विद्युत विभाग के अनुसार, किसी व्यक्ति के विभागीय कर्मचारी होने का दावा मात्र कर देने से उस पर विश्वास न करें। संदिग्ध व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग किए जाने पर पहले संबंधित विभागीय अधिकारी से इसकी पुष्टि करें। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति का नाम, पहचान, घटना का स्थान और समय आदि की जानकारी सुरक्षित रखें।
विद्युत उपकेंद्र कचनरवा के अवर अभियंता अरविंद कुशवाहा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, धमकी या अवैध वसूली की जानकारी तत्काल विभाग को दें। इसके लिए 7398435953 मोबाइल नंबर पर वॉइस कॉल अथवा व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना देने की अपील की गई है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि डर, दबाव या धमकी में आकर किसी को पैसे न दें। समय रहते संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने से न केवल स्वयं ठगी और अवैध वसूली से बचा जा सकता है, बल्कि अन्य उपभोक्ताओं को भी ऐसे फर्जी लोगों से सावधान किया जा सकता है।
