सोनभद्र

अल्ट्राटेक संयंत्र में कचरे की दुर्गंध से त्रस्त डाला बाजार: नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासदों ने डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग

डाला/सोनभद्र (जगदीश तिवारी/ राकेश अग्रहरी)-नगर पंचायत डाला बाजार क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र द्वारा बाहर से भारी मात्रा में कचरा मंगाकर उसके अनियमित निस्तारण से उठ रही तेज दुर्गंध के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवन्ती कुमारी और स्थानीय सभासदों ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र लिखकर अल्ट्राटेक प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि बाहरी क्षेत्रों से कचरा लेकर आ रही गाड़ियों और संयंत्र परिसर में कचरे के निस्तारित किए जाने के कारण पूरे नगर क्षेत्र में अत्यधिक तीखी और असहनीय दुर्गंध फैल रही है। इस बदबू के कारण आम लोगों का घरों में सामान्य रूप से सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है और संक्रामक तथा श्वसन संबंधी बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।अध्यक्ष फुलवन्ती कुमारी ने पत्र में उल्लेख किया है कि इससे पूर्व 21 जून को नगर पंचायत कार्यालय में अल्ट्राटेक कंपनी प्रबंधन के साथ एक बैठक हुई थी। उस समय कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रदूषण और दुर्गंध रोकने के लिए ठोस कदम उठाने का स्पष्ट आश्वासन दिया था। हालांकि, लंबे समय बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई और स्थिति जस की तस बनी हुई है।मामले की गंभीरता और जनस्वास्थ्य को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी और सभासदों अवनीश देव पाण्डेय, संतोष कुमार कुशवाहा, विशाल कुमार, बलवीर कुमार, बिन्दु सिंह, ज्ञानदेवी आदि ने जिलाधिकारी से अल्ट्राटेक प्रबंधन पर तत्काल आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है, ताकि डाला बाजार के नागरिकों को इस असहनीय बदबू से स्थाई मुक्ति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live