सोनभद्र

पशु आरोग्य मेले में 130 पशुपालकों को मिली निशुल्क दवा

पशुओं के टीकाकरण, बीमारी से बचाव व बीमा की दी गई जानकारीम्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत जामपानी में बुधवार को पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख (प्रशासक) मानसिंह गोंड ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और पशुपालक मौजूद रहे।
मेले में पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, खान-पान, टीकाकरण तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की जानकारी दी। पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों से बचाव और उनके बेहतर रखरखाव के उपाय भी बताए गए। चिकित्सकों ने पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।पशुपालकों ने अपने पशुओं से संबंधित समस्याएं चिकित्सकों के सामने रखीं, जिन पर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया। मेले में करीब 130 पशुपालकों को निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही पशुओं का बीमा कराने से संबंधित जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को पशु चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने के साथ पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान (प्रशासक) प्रतिनिधि उदय, डॉ. राहुल राज, डॉ. ऋषि भास्कर, डॉ. माया शंकर पाठक, राम प्रसाद, कृष्ण देव, सीताराम खरवार, हरिचरण गोंड, ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पशुपालक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live