सोनभद्र

तिल की फसल काटकर घर लौट रही तीन किशोरियों से दुर्व्यवहार का आरोप, एक युवक पुलिस के हवाले

एक युवक को किशोरियों ने पकड़ किया पुलिस को सुपुर्द

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शनिवार शाम खेत से तिल की फसल काटकर घर लौट रही तीन किशोरियों के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। किशोरियों ने तीन युवकों पर उन्हें पकड़ने की कोशिश करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरियों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
किशोरियों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शनिवार शाम वे घर से दूर स्थित अपने खेत से तिल की फसल काटकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में सुनसान स्थान पर तीन युवक खड़े थे। किशोरियों का आरोप है कि उनके करीब पहुंचते ही युवकों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस पर किशोरियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद तीनों युवक भागने लगे। हालांकि, किशोरियों ने मिलकर एक युवक को पकड़ लिया।
इसके बाद किशोरियों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम पकड़े गए युवक को अपने साथ थाने ले गई। रविवार को किशोरियां अपने परिजनों के साथ म्योरपुर थाने पहुंचीं और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किशोरियों ने बताया कि तीनों युवक बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के निवासी हैं। पकड़े गए युवक की पहचान उदय के रूप में बताई गई है।

थानाध्यक्ष ने कहा, जांच के बाद होगी कार्रवाई

म्योरपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

SBN Live