सोनभद्र

राम-सुग्रीव मित्रता और लंका दहन की लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

म्योरपुर / सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर कस्बे में चल रहे रामलीला मंचन के आठवें दिन राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध और लंका दहन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के प्रसंगों को देखकर लीला प्रेमी भक्तिभाव से भावविभोर हो उठे।
लीला के दौरान सुग्रीव के कहने पर हनुमान जी ब्राह्मण का रूप धारण कर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण से मिलते हैं। प्रभु श्रीराम को पहचानने के बाद हनुमान जी उनके चरणों में गिर पड़ते हैं और दोनों भाइयों को सुग्रीव के पास ले जाते हैं। इसके बाद श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता होती है। सुग्रीव की व्यथा सुनकर भगवान श्रीराम बाली का वध कर उन्हें न्याय दिलाते हैं।
इसके बाद हनुमान जी माता सीता की खोज में लंका पहुंचते हैं। अशोक वाटिका में माता सीता को प्रभु श्रीराम की अंगूठी देकर उनका संदेश सुनाते हैं। वाटिका में फल खाने और वृक्षों को उजाड़ने पर रावण के सैनिक उनसे युद्ध करते हैं। मेघनाथ हनुमान जी को ब्रह्मास्त्र से बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाता है। रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में आग लगा दी जाती है, जिसके बाद हनुमान जी पूरी लंका में आग लगाकर वापस लौटते हैं। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
इस दौरान रामलीला कमेटी के महाप्रबंधक सुनील कुमार सिंह, अध्यक्ष मोनू जायसवाल, रामलीला मंडली अध्यक्ष शनि अग्रहरी, अजय कुमार, पंकज सिंह, अंकित अग्रहरी, मनदीप रौनियार, रामू, व्यास आशीष अग्रहरी (बिट्टू), सुजीत अग्रहरी, संदीप अग्रहरी, नमन प्रकाश अग्रहरी, रंजन अग्रहरी, नीरज अग्रहरी, अवनीश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

SBN Live