सोनभद्र (विकास द्विवेदी) राबर्ट्सगंज में मंगलवार की रात राजस्थानी डांडिया सीजन 2 का आयोजन धूमधाम से किया गया। रंग बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन की सफलता में मारवाड़ी महिला कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए। महिला थाना प्रभारी रीता यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं और उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की संचालक एडवोकेट अनीता थरड और रितु जालान ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन कमेटी की सदस्याओं ने हिम्मत नहीं हारी। सोनभद्र की महिलाओं का प्यार और सहयोग उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपने उत्साह और एकजुटता से साबित किया कि वे हर चुनौती का सामना कर सकती हैं और किसी से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम का आयोजन श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के सहयोग से किया गया। श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता थरड, कोषाध्यक्ष मीरा जालान और सचिव पूनम खेतान हैं। वहीं, मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया और सचिव चित्रा जालान हैं।आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी महिला कमेटी की सदस्याओं ने न केवल व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि आर्थिक सहयोग भी दिया। इनमें शीला जैन, ममता जालान, मीरा जालान, रितु जालान, एडवोकेट अनीता थरड, सविता चौधरी, सुनीता झुनझुनवाला, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया शामिल रहीं। दिल्ली से आईं एंकर आकृति मिश्रा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगाए, वहीं डीजे बाबू की धुनों पर महिलाएं जमकर थिरकीं। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और महिला एकजुटता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार राहुल श्रीवास्तव, विजय शंकर चतुर्वेदी, अधिवक्ता जितेंद्र श्रीवास्तव, शिशु त्रिपाठी आदि रहे।
सोनभद्र मे राजस्थानी डांडिया सीजन 2 की धूम, महिलाओं ने गरबा डांडिया से बांधा समां
