अर्घ्य के दौरान मां दूधइया मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मिलेगा निशुल्क दूध और चाय
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ क्षेत्र में बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना को लेकर व्रती महिलाएं कठिन व्रत रख रही हैं। पर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पूजा समितियों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। घाटों पर टेंट, प्रकाश, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं गोपाल डेयरी के संचालक की ओर से मां दूधइया मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए अर्घ्य के दौरान निशुल्क दूध और चाय की व्यवस्था की गई है। वहीं अजीरेश्वर महादेव मंदिर, जरहा नदी तट पर पूजा समिति की ओर से अर्घ्य देने पहुंचने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को अपने-अपने बेदी स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गुड़ से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण किया। रविवार को व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगी। वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण करेंगी। इसी के साथ महापर्व का समापन होगा।
पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।