सोनभद्र

बाल दिवस पर बच्चों ने सजाईं आकर्षक दुकानें, विद्यालय में लगा बाल मेले जैसा माहौल

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) बाल दिवस के अवसर पर माँ वैष्णो माडर्न पब्लिक स्कूल मे हर्षोल्लास के साथ विविध कार्यक्रमो का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की ओर से लगाई गई आकर्षक दुकानों और खाने-पीने के स्टाल ने मेले जैसा माहौल बना दिया। बच्चों ने स्वयं दुकानों का संचालन किया और खरीदारी एवं बिक्री का आनंद उठाया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर किया गया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से जाना जाता है। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा एवं अच्छे संस्कार ही राष्ट्र की प्रगति का आधार हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्य देव कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं। पढ़ाई के साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यालय प्रबंधक रमाशंकर दूबे ने भी बच्चों को बाल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई चीजें सीखने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें पेन एवं मिठाइयां वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों की ओर से सजाई गई दुकानें और स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। हंसी-खुशी और उमंग के बीच बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live