हनुमान मंदिर तालाब छठ घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया, जय बजरंग सेवा समिति ने संभाली व्यवस्था की जिम्मेदारी
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ क्षेत्र में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण कर खरना किया। इसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। खरना के बाद महिलाओं ने छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं सुबह से ही छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों में जुट गईं। महिलाओं ने तालाब के किनारे अपनी-अपनी वेदियां बनाईं और पूजा से संबंधित अन्य तैयारियां पूरी कीं। म्योरपुर कस्बे के हनुमान मंदिर स्थित तालाब छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी झालरों और सजावट से घाट की सुंदरता देखते ही बन रही है। पर्व को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। व्रती महिलाओं और उनके परिजनों ने फल, फूल, सूप, दउरा, नारियल, गन्ना सहित पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की।
छठ महापर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। घरों से लेकर घाटों तक छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण करेंगी। इसको लेकर व्रती महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हनुमान मंदिर स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जय बजरंग सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य इंतजामों की जिम्मेदारी संभाली है। समिति के अध्यक्ष गणेश कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी समिति की ओर से छठ पूजा करने वाली महिलाओं के लिए स्नान करने, बैठने और पूजा-अर्चना करने की समुचित व्यवस्था की गई है। घाट की साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के मनोरंजन और भक्ति भावना को देखते हुए रात्रि में देवी जागरण का भी आयोजन किया गया है। समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जुटे हुए हैं।
छठ महापर्व को लेकर पूरे म्योरपुर क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है।