सोनभद्र

बैढ़न-बीजपुर बाईपास मार्ग पर कई घंटों से लगा जाम, यातायात बाधित

**वैकल्पिक रास्ता बनाने की जद्दोजहद में जुटा एनटीपीसी प्रबंधन, जाम में फंसे वाहन चालकों को खाने-पीने की परेशानी**

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता) बीजपुर ग्राम पंचायत के पुनर्वास बाईपास बैढ़न-सिरसोती मार्ग पर मेवालाल के घर के समीप शुक्रवार को ट्रेलर का शाफ्ट टूटने और उस पर लदा मुर्गा (वाहन) पलट जाने से सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़ा हो गया। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जाम में फंसे वाहन चालकों सुनील कुमार, आकाश, दीपक, विजय शंकर और नरेंद्र कुमार शर्मा आदि ने बताया कि वे शुक्रवार दोपहर से शनिवार अपराह्न तक जाम में फंसे हुए हैं। लंबे समय से जाम में फंसे रहने के कारण उन्हें खाने-पीने की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कुछ चालक अपने वाहनों में रखे राशन से भोजन बनाकर किसी तरह समय गुजार रहे हैं।

उधर, जाम से निजात दिलाने के लिए एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से वैकल्पिक रास्ता तैयार कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि फंसे वाहनों को निकाला जा सके और आवागमन बहाल हो सके।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मार्ग सिंगल होने के कारण वाहनों को निकालना संभव नहीं हो पा रहा है। बगल से वैकल्पिक रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था के साथ तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live