सोनभद्र

पिंक बूथ से महज 50 मीटर दूर दो दुकानों में चोरी, 25 हजार रुपये उड़ाए

कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) कोन देवाटन चौराहे पर पुलिस की पिंक बूथ से महज 50 मीटर की दूरी पर शुक्रवार की रात चोरों ने पुलिस सुरक्षा को चुनौती देते हुए एक साथ दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने छत का सीमेंटेड चादर और फाल्स सीलिंग तोड़कर राजू आभूषण एवं बर्तन भंडार तथा अयोध्या किराना स्टोर में प्रवेश किया और दोनों दुकानों के काउंटर में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि चौराहे पर पुलिस का सीसीटीवी कैमरा लगा है, जबकि एक दुकानदार के कैमरे में दो संदिग्ध दुकान के अंदर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, राजू आभूषण एवं बर्तन भंडार के संचालक शुक्रवार की रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। ऊपर देखने पर पता चला कि चोरों ने फॉल्स सीलिंग काटकर सीमेंट की छत का चादर हटाया और दुकान में प्रवेश किया था। इसके बाद काउंटर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

इसी क्रम में दुकान के बगल में स्थित अयोध्या किराना स्टोर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां भी छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर काउंटर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद उठा ले गए। सुबह दोनों दुकानों में चोरी की जानकारी होने पर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। राजू आभूषण एवं बर्तन भंडार में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो लोग दुकान के अंदर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, चौराहे पर लगे पुलिस के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जांच के दायरे में है।

इस संबंध में थाना निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live