सोनभद्र

पतेरीटोला के ढाबे पर अचानक बिगड़ी ट्रैक्टर चालक की तबीयत, अस्पताल में मौत

पतेरीटोला के ढाबे पर अचानक बिगड़ी ट्रैक्टर चालक की तबीयत, अस्पताल में मौत

मुजफ्फरनगर का रहने वाला था मृतक, साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहा था छत्तीसगढ़

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय थाना क्षेत्र के पतेरीटोला स्थित एक ढाबे पर शुक्रवार की मध्यरात्रि ट्रैक्टर-ट्राली सवार एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में साथियों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के भैसानी गांव निवासी 40 वर्षीय किरन पाल पुत्र सत्यपाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि किरन पाल अपने साथियों शान मोहम्मद, नरेश, नितिन, सुरेश, ललित और विनोद समेत अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से छत्तीसगढ़ के रायपुर जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार की देर रात पतेरीटोला स्थित ढाबे पर सभी लोग रुके थे। इसी बीच अचानक किरन पाल की तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत गंभीर देख साथियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद स्वास्थ्य केंद्र से मेमो के जरिए म्योरपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई। घटना के बाद मृतक के साथियों में शोक का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live